Monday, May 20th, 2024

माशिमं : 10वीं-12वीं के चार पेपरों में मिली गलतियां, छात्रों को मिलेंगे बोनस अंक 

-पेपर में गलती के दोषी टीचरों पर होगी कार्रवाई

भोपाल
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में इस बार सर्वाधिक प्रश्नपत्रों में गलतियां हुई हैं। माशिमं चार प्रश्नपत्रों में हुई गलतियों को स्वीकारते हुए बोनस अंक देने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन साथ ही पेपर सेट करने वाले टीचरों को भी नोटिस थमा दिए गए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेपर सेटर व माड्रेटर ने 10वीं के गणित व विज्ञान, 12वीं के सामान्य अंग्रेजी व संस्कृत सामान्य में गलतियां पाई गई हैं। इन सभी 1 से 15 बोनस अंक दिए जाएंगे।

माशिमं का बुधवार से प्रदेश के सभी जिलों की समन्वयक संस्थाओं में मूल्यांकन शुरू हो गया है। एक मार्च से हाईस्कूल व दो मार्च से हायर सेकेंडरी की परीक्षा शुरू हुई है। राजधानी में मूल्यांकन केन्द्र समन्वयक संस्था माडल स्कूल टीटी नगर को बनाया गया है। मूल्यांकन के पहले चरण में 16 मार्च तक संपन्न हुए 10वीं-12वीं के पेपरों की कापियों के जांचने का काम शुरू हुआ है। तीस अप्रैल तक करीब पच्चीस हजार शिक्षक 18 करोड़ से अधिक कापियों के मूल्यांकन करेंगे। वहीं, इस बार माशिमं के पेपरों में ढेरों गलतियां निकली हैं। मंडल द्वारा 10वीं के गणित में 15, विज्ञान में 1 व सामाजिक विज्ञान में 2 और 12वीं के सामान्य अंग्रेजी में 10 एवं सामान्य संस्कृत में 1 बोनस अंक देगा। यह अंक विद्यार्थियों को तभी मिलेंगे, जब उन्होंने प्रश्न हल करने का प्रयास किया होगा।  

इस प्रकार हुर्इं पेपर में गलतियां 
बारहवीं की सामान्य अंग्रेजी के पेपर में प्रश्न क्रमांक 12 में कुल 9 में से 7 प्रश्न हल करने थे। प्रत्येक प्रश्न के दो नंबर थे। लेकिन प्रश्न के निर्देश में लिखा हुआ है कि आंसर एनी टू आॅफ  द फालोइंग च्वाइस। इससे बच्चे 9 में से सिर्फ दो प्रश्न हल किए। वहीं, कुछ विद्यार्थियों ने मार्किंग के अनुसार 9 में से सात प्रश्न हल कर दिए। इसमें मंडल ने त्रुटि मानते हुए विद्यार्थियों को दो प्रश्न हल करने पर सात-सात अंक की मार्किंग के अनुसार मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं दसवीं गणित के प्रश्न क्रमांक 4 के चौथे व पांचवे में गलती थीं। इसमें बोनस के एक-एक अंक दिए जाएंगे। इसी प्रश्न पत्र के प्रश्न क्रमांक 13, प्रश्न क्रमांक 19 व प्रश्न क्रमांक 24 में भी गलती थी। इसमें बोनस के कुल 15 अंक मिलेंगे। बारहवीं संस्कृत के पेपर में 19 वें प्रश्न ख में गलती है। इसमें बोनस का एक अंक दिया जाएगा। दसवीं विज्ञान के पेपर में भी बोनस का एक अंक दिया जाएगा
    
 

Source : MP Education

आपकी राय

5 + 6 =

पाठको की राय